मध्यप्रदेश: शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन

त्योंथर: मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ तहसील शाखा त्योंथर के आह्वान पर विकासखण्ड त्योंथर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों को टीईटी से मुक्त रखने की मांग की गई, जिसमें शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन से माननीय सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका प्रस्तुत करने का अनुरोध किया गया है।

संघ के संरक्षक श्री श्याम विहारी तिवारी के नेतृत्व में यह ज्ञापन श्री पी एस त्रिपाठी, एसडीएम त्योंथर को सौंपा गया। इसके साथ ही कलेक्टर रीवा के नाम एक अन्य ज्ञापन पत्र भी दिया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लंबित डीए एरियर्स के शीघ्र भुगतान की मांग की गई है।

  • जनवरी 2024 से सितंबर 2024 तक के 3 प्रतिशत और जुलाई 2024 से अप्रैल 2025 तक के 2 प्रतिशत डीए एरियर्स का शीघ्र भुगतान
  • आशा एवं आशा पर्यवेक्षकों के मानदेय का हर माह की 5 तारीख तक एकमुश्त भुगतान
  • प्राथमिक शिक्षकों के सातवें वेतनमान की पांचवीं किश्त के वर्षों से लंबित एरियर्स का भुगतान
  • मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारियों को सार्थक आधारित उपस्थिति से मुक्त रखने की मांग

आशा संगठन ने भी अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत किया। एसडीएम त्योंथर ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को उचित स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। इस आश्वासन पर संगठन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सभी प्रमुख कर्मचारी, कार्यकर्ता और संयुक्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।