आलोट। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार को रतलाम कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया अचानक आलोट तहसील कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर के अचानक तहसील पहुंचने से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हलचल नजर आई। इस दौरान जिला सीईओ भी उनके साथ मौजूद रहे, जबकि आलोट एसडीएम श्री विवेक सोनकर ने भी कलेक्टर के साथ तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने तहसील कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजस्व संबंधी कार्यों, लंबित प्रकरणों, रिकॉर्ड संधारण तथा आमजन से जुड़े मामलों की स्थिति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
किशनगढ़ से हुआ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का आगाज
गौरतलब है कि शुक्रवार को जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत किशनगढ़ से जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। जिला स्तरीय शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनसंवाद के साथ जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।
अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में पहुंचकर शासकीय संस्थाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद तहसील पहुंचना रहा चर्चा में
किशनगढ़ के कार्यक्रम के बाद कलेक्टर का अचानक आलोट तहसील कार्यालय पहुंचना दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। एक ओर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का संदेश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर कलेक्टर द्वारा तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत देखी गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों का समय-सीमा में निराकरण हो तथा नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया।
Continue With Google
Comments (0)