आलोट। नगर परिषद आलोट में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) का पद इन दिनों रिक्त चल रहा है। पिछले गुरुवार को तत्कालीन सीएमओ सीताराम चौहान का स्थानांतरण राणापुर होने के बाद उन्होंने वहां पदभार भी ग्रहण कर लिया, लेकिन आलोट नगर परिषद को अब तक नया सीएमओ नहीं मिल पाया है।

नगर परिषद में प्रशासनिक मुखिया का पद खाली होने से विकास कार्यों और दैनिक प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की चर्चा नगर में तेज हो गई है। नगर परिषद से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य, फाइलों की स्वीकृति, भुगतान प्रक्रिया, सफाई व्यवस्था, पेयजल प्रबंधन एवं अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

नगरवासियों का कहना है कि नगर परिषद में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों को लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में स्थायी सीएमओ की अनुपस्थिति से निर्णय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और कई मामलों में अनावश्यक देरी की स्थिति बन सकती है।

वहीं नगर में यह भी चर्चा है कि शासन स्तर पर शीघ्र ही आलोट नगर परिषद को नए सीएमओ की सौगात मिल सकती है। नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने नगरीय प्रशासन विभाग से जल्द नियुक्ति की मांग करते हुए कहा है कि नगर के विकास कार्यों की गति बनाए रखने के लिए जल्द नए अधिकारी की पदस्थापना आवश्यक है।