आमला। रेल कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन (एनआरएमयू) के मंडल पदाधिकारियों ने आमला में मुख्य शाखा एवं लाइन रनिंग शाखा का संयुक्त दौरा किया। यह दौरा मंडल सचिव कामरेड मनोज चौथानी के विशेष निर्देश पर आयोजित किया गया।

दौरे की अगुवाई मंडल अध्यक्ष कामरेड विपिन पाटिल ने की। उनके साथ कामरेड अनित पाटिल भी मौजूद रहे। मंडल पदाधिकारियों ने मुख्य शाखा एवं लाइन रनिंग शाखा के साथ रेलवे स्टेशन परिसर तथा एआरटी आमला का भी दौरा कर कर्मचारियों से मुलाकात की।

कर्मचारियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं

दौरे के दौरान मंडल पदाधिकारियों ने विभिन्न विभागों में कार्यरत रेल कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। कर्मचारियों ने कार्यस्थल एवं सेवा से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से पदाधिकारियों को अवगत कराया। पदाधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों को लेकर चर्चा की।

पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज समस्याओं और मांगों को उचित स्तर पर मजबूती के साथ रखा जाएगा तथा समाधान के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा।

एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कामरेड विपिन पाटिल ने कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती और एकजुटता का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन का मजबूत और एकजुट होना बेहद जरूरी है। उन्होंने एनआरएमयू को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

मंडल पदाधिकारियों ने एनआरएमयू के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। कर्मचारियों ने मंडल पदाधिकारियों के आमला आगमन, समस्याओं को सीधे सुनने और दिए गए मार्गदर्शन की सराहना की।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

संयुक्त दौरे के दौरान मुख्य शाखा एवं लाइन रनिंग शाखा से अध्यक्ष कामरेड सफी, कामरेड कृष्णकांत शर्मा, कामरेड एम.के. थेपे, कामरेड एस.के. गुप्ता, पवन मिश्रा, कामरेड उमेश साहू, पीडब्ल्यूआई सोनी, कामरेड सतीश कापसे, कामरेड सतीश, कामरेड विपुल तिवारी, कामरेड हंसराज मीणा, कामरेड गुफरान, अध्यक्ष कामरेड राजेश कोसे, कामरेड नवीन कड़वे, कामरेड राकेश चौकीकर, कामरेड पवन देशमुख, कामरेड साकरे सहित बड़ी संख्या में अन्य पदाधिकारी एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

दौरे के समापन पर कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने संगठन की एकजुटता और मजबूती का संकल्प दोहराते हुए “इंकलाब जिंदाबाद” और “एनआरएमयू जिंदाबाद” के नारे लगाए।