मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में लोगों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान - कलेक्टर

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में आमजन बनें सहभागी - कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल

 

शहडोल। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने बताया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में शहडोल जिले में जन समस्याओं के त्वरित समाधान एवं केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है।

यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री जायसवाल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद एवं उद्यम संवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को यथासंभव मौके पर ही प्रदान किया जाएगा।

अभियान के दौरान निर्धारित शिविर स्थलों पर जाति प्रमाण पत्र, अपार आईडी, आयुष्मान कार्ड, फार्मर आईडी, आधार, प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदनों पर कार्यवाही, अविवादित नामांतरण, बंटवारा, खसरे में सुधार जैसे राजस्व प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही खाद-बीज गोदाम, गैस गोदाम तथा पेट्रोल पंपों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

इन पंचायतों में लगेगा शिविर -

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रथम चरण में 7 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत सोहागपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरहा, करकटी, खैरहा, धुरवार, छतवई, पंचगांव, बंडीखुर्द, बरतरा, मझगंवा, मैकी, लालपुर एवं सिंहपुर में संबंधित पंचायत भवनों में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित हो रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें, अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं और शासन की योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ उठाएं।