आमला। दिल्ली में महिला पत्रकार नफीसा खान एवं उनके सहयोगी शाहीन खान के साथ कथित अभद्रता, मारपीट एवं सांप्रदायिक भेदभाव की घटना को लेकर प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (PCWJ) ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैय्यद खालिद कैस के निर्देश पर PCWJ की आमला इकाई ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

PCWJ आमला अध्यक्ष मोहम्मद आसीफ लंघा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आमला तहसीलदार ऋचा कोरव एवं थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि दिल्ली के साकेत क्षेत्र में पुलिसकर्मियों द्वारा पत्रकारिता का दायित्व निभा रही महिला पत्रकार नफीसा खान एवं उनके सहयोगी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। संगठन ने आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच स्वतंत्र एजेंसी अथवा न्यायिक निगरानी में कराई जाए। घटना में शामिल पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों को निलंबित किया जाए तथा उनके विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए।

संगठन ने देशभर में महिला पत्रकारों सहित सभी मीडियाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने, पीड़ित पत्रकारों को न्याय एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा हुई क्षति की भरपाई की मांग भी की।

PCWJ पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, मारपीट या भेदभाव लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संविधान में प्रदत्त समानता, स्वतंत्रता एवं जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के राष्ट्रीय संगठन महासचिव शशिदीप जी ने दिल्ली की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर गंभीर प्रहार है। उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में PCWJ पदाधिकारियों द्वारा देशभर में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में PCWJ आमला अध्यक्ष मोहम्मद आसीफ लंघा, वाजिब खान, रिंकू रामपुरे, लोकेश सोनी, मयंक रामपुरे, महेश प्रजापति, अजय बचले, राजेश सूरे, राहुल चौहान, रुपेश सोनी, अनिल साहू, संतोष राठौर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।