बैतूल। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संगठन, भोपाल की जिला इकाई बैतूल द्वारा कोटवारों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 14 जुलाई 2026 को बैतूल में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने जिले के सभी कोटवार कर्मचारियों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

 

संगठन के सदस्य लक्ष्मीनारायण चन्देलकर ने बताया कि मंगलवार 14 जुलाई को दोपहर 12 बजे पुराना कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित कर्मचारी भवन, बैतूल के पास सभी कोटवार कर्मचारी एकत्रित होंगे। यहां से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडागरे एवं कलेक्टर बैतूल को माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

 

ज्ञापन के माध्यम से प्रदेशभर के कोटवारों की लंबित समस्याओं एवं मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी। संगठन का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों पर शासन स्तर पर ठोस निर्णय नहीं होने से कोटवार कर्मचारियों में असंतोष है।

 

संगठन ने सभी कोटवार साथियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर एकजुटता का परिचय दें और अपनी मांगों को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहयोग करें। संगठन का मानना है कि कर्मचारियों की मजबूत भागीदारी से शासन का ध्यान उनकी समस्याओं की ओर आकर्षित होगा।