35 लाख की लागत से बने अमृत-2 ग्रीन स्पेस पार्क के निर्माण पर सवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष ने आयुक्त भोपाल में की शिकायत

 

नेपानगर। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 11 में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित अमृत-2 ग्रीन स्पेस पार्क के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरला प्रवीण काटकर ने आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल को लिखित शिकायत की है।

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पार्क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। बच्चों के लिए लगाए गए झूले, खेल उपकरण और व्यायाम के उपकरण घटिया गुणवत्ता के हैं। वहीं पार्क में जगह-जगह गड्ढे होने और ठेकेदार द्वारा वृक्षारोपण नहीं किए जाने की बात भी शिकायत में उठाई गई है।

 

उपाध्यक्ष के अनुसार, करीब 35 लाख रुपये की लागत वाले इस पार्क में ठेकेदार रितेश पाटिल को अब तक 20 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि लगभग 13 लाख रुपये का भुगतान शेष है।

 

शिकायत में ठेकेदार को नगर पालिका अध्यक्ष के पति का संरक्षण मिलने का आरोप भी लगाया गया है। 

 

इस मामले में आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल ने आश्वासन दिया है कि आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर जांच टीम भेजकर पार्क का निरीक्षण कराया जाएगा।

 

अब बड़ा सवाल यह है कि 35 लाख रुपये की लागत से बने पार्क में यदि निर्माण गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी?