टीकमगढ़: इंदौर में दूषित पानी पीने से 14 लोगों की मौत के खिलाफ जिले में कांग्रेसियों ने गांधी चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटा बजाकर विरोध जताया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर इन मौतों पर भी जश्न मना रही है। वहीं, इंदौर के निवासी और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी कांग्रेस ने आड़े हाथों लिया। कांग्रेसियों का आरोप है कि विजयवर्गीय इस संवेदनशील घटना पर भी बेहूदा बयानबाजी कर रहे हैं।
गांधी चौराहे से सांसद बंगले का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने कोतवाली में रोक लिया। इसके बाद, कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली में धरने पर बैठ गए और अपनी गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
धरना स्थल पर कांग्रेसियों ने विजयवर्गीय की फोटो पर कालिख पोतने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे रोक दिया। लगभग आधे घंटे चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस मौके पर टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, जिलाध्यक्ष नवीन साहू, सूर्यप्रकाश मिश्रा, जितेंद्र जैन क्रांतिकारी, गौरव शर्मा, पंकज अहिरवार, लक्ष्मण रैकवार, देवेंद्र भास्कर, डॉ. इसरार खान, भगतराम यादव, अज्जू खान, इरफान खान, अनीश खान, राजीव जैन, भरत सोनी, और सुनील अहिरवार सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)