दमोह में पेट्रोल-डीजल की अफवाहों से हड़कंप, कलेक्टर की जनता से अपील
दमोह: दमोह जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। इस अफरातफरी के बीच, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने निवासियों से अफवाहों से बचने और पैनिक बाइंग से दूर रहने की अपील की है।
दमोह के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। सैकड़ों वाहन चालक अपने टैंक फुल कराने के लिए लाइन में खड़े हैं। पुलिस विभाग का पेट्रोल पंप भी बंद करना पड़ा क्योंकि वहां डीजल और पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो गया था।
कलेक्टर कोचर ने स्थिति का जायजा लेने के बाद आश्वासन दिया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि आज ही BPCL से 60,000 लीटर पेट्रोल और 1,00,000 लीटर डीजल की आपूर्ति प्राप्त हो रही है, और अन्य कंपनियों की सप्लाई भी लगातार जारी है।
अस्पताल चौराहे के कन्हैया पेट्रोल पंप और बस स्टैंड के टंडन पेट्रोल पंप पर भीड़भाड़ के दृश्य देखे गए हैं। यहां टैंक फुल कराने वालों की संख्या में अचानक वृद्धि देखी गई है, जिससे स्टॉक पर दबाव बढ़ गया है।
सहायक जेल अधीक्षक रोहित सिंह ने भी चिंता जताई कि अगर लोग अफवाहों के कारण इसी तरह भीड़ में पेट्रोल लेने पहुंचते रहे, तो उनके यहां भी स्टॉक खत्म हो सकता है।
कलेक्टर कोचर की अपील: "जिले में कहीं भी डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं है। नागरिकों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें।"
जनता से आग्रह है कि वे अफवाहों के जाल में फंसकर अनावश्यक खरीदारी से बचें और सामान्य स्थिति बनाए रखें।

Continue With Google
Comments (0)