देवास / स्‍वास्‍थ्‍य विभाग द्वारा जिला जेल देवास में बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं गंभीर रोगों की शीघ्र पहचान के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत बंदियों की टी.बी. (एक्स-रे), एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी एवं सिफलिस जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य बंदियों में संक्रामक रोगों की समय पर पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना एवं संक्रमण के प्रसार को रोकना रहा। शिविर में कुल 156 बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई, टी.बी. संदिग्ध पाए गए बंदियों को नियमानुसार आगे की जांच एवं आवश्यक उपचार प्रक्रिया के लिए चिन्हित किया गया।  

 

जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमरीन शेख ने बताया कि शिविर में बंदियों को टीबी, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी एवं सी तथा सिफलिस संक्रमण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बंदियों को इन बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि समय पर जांच एवं उपचार लेने से इन बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है।