आंधी-तूफान में महुआ के पेड़ से टकराई बाइक, घायल की जान बचाने में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बने फरिश्ता

केसली (सागर): सहजपुर से केसली मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब आंधी-तूफान के कारण सड़क पर गिरे एक महुआ के पेड़ से टकराकर एक मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संकट की घड़ी में सागर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर और उनके साथी फरिश्ता बनकर सामने आए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुँचाया और उसकी जान बचाई।

पेड़ के बीच फंसी थी बाइक, उल्टा पड़ा था घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 11:00 बजे की है। सहजपुर से केसली के रास्ते में चौका और आलनपुर के बीच तेज आंधी-तूफान के कारण एक महुआ का पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर और उनके साथी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक मोटरसाइकिल बुरी तरह फंसी हुई है और एक व्यक्ति पेड़ और बाइक के बीच उल्टा फंसा हुआ था। व्यक्ति के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं और नाक-मुंह से खून बह रहा था।

40 मिनट तक तड़पता रहा घायल, आपातकालीन सेवाओं की लापरवाही

घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए देवेंद्र सिंह ठाकुर ने तुरंत केसली थाना प्रभारी और डायल 112 सहित एम्बुलेंस सेवा से संपर्क किया। लेकिन सरकारी दावों के विपरीत, कोई भी आपातकालीन सेवा समय पर नहीं पहुँची।

देवेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया, "घायल व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा था, लेकिन जिम्मेदार विभागों की तत्परता लगभग शून्य थी।"

अंततः उपाध्यक्ष ने घायल को अपने निजी वाहन में लिटाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) केसली पहुँचाया।

कलेक्टर से शिकायत: एजेंसियों को हिदायत की जरूरत

केसली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) सागर रेफर किया गया। उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर ने इस लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त किया और सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल को पूरी घटना से अवगत कराया। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि आपातकालीन सेवाओं को सख्त हिदायत दी जाए, क्योंकि ऐसी लापरवाही किसी की जान ले सकती है।