आमला। बल्लाचाल क्षेत्र निवासी मजदूर परिवार की 19 वर्षीय बेटी की एसिड अटैक के बाद उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में अब पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठी है। वार्ड क्रमांक 9 बस स्टैंड क्षेत्र की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने अनुविभागीय अधिकारी के नाम पत्र सौंपकर शासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

पार्षद ने बताया कि बल्लाचाल निवासी सुनील सोलंकी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी 19 वर्षीय बेटी नर्सिंग की पढ़ाई के लिए पुणे गई हुई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा उस पर एसिड से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को उपचार के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 20 दिनों तक उसका इलाज चला। उपचार के दौरान युवती की मृत्यु हो गई।

घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, मजदूर परिवार के सामने इलाज एवं अन्य खर्चों के कारण आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए पार्षद खुशबू अतुलकर ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं अन्य संभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस संबंध में पूर्व पार्षद विजय अतुलकर ने अनुविभागीय अधिकारी को पत्र सौंपकर पूरे मामले पर चर्चा की। कांग्रेस नगर महासचिव रमजान खान ने कहा कि पीड़ित परिवार ने अपनी बेटी को खोया है और इस कठिन समय में शासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने आमला विधायक एवं बैतूल सांसद से भी इस मामले में पहल करते हुए पीड़ित परिवार को अनुदान राशि एवं हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की है।