सेवा संकल्प कार्यक्रम में मंच से दूर रहीं इमरती देवी, बोलीं—“समय सबका बदलता है”
इमरती देवी के बयान के बाद सियासी चर्चाओं का दौर तेज
संवाददाता मनीष बरोदिया
लोकेशन डबरा मध्यप्रदेश
डबरा, 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जलसा गार्डन में आयोजित “मेरा सपनों का भारत—चित्र सेवा” कार्यक्रम उस समय चर्चा में आ गया, जब पूर्व मंत्री इमरती देवी मंच पर नहीं पहुंचीं। कार्यक्रम के बैनर में भी उनकी तस्वीर नजर नहीं आई।
कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा ने मंच से इमरती देवी को मंच पर आने के लिए बुलाया, लेकिन उन्होंने मंच पर जाने से इनकार कर दिया और कार्यकर्ताओं के बीच बैठी रहीं।
मीडिया से बातचीत में इमरती देवी ने कहा कि वह किसी से नाराज नहीं हैं और खुद को पार्टी की एक छोटी सी कार्यकर्ता मानती हैं। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं के बीच बैठना उन्हें उचित लगता है।
मंच पर मौजूद लोगों को लेकर इमरती देवी ने कहा, “मंच पर हत्यारे और हत्या के आरोपी भी बैठे हैं।” उन्होंने कहा कि वह अच्छे लोगों के साथ बैठना पसंद करती हैं।
वहीं, पोस्टर में फोटो नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह एक कार्यकर्ता हैं और हर कार्यकर्ता की तस्वीर पोस्टर पर लगाना जरूरी नहीं है।
मंच पर बुलाए जाने के बावजूद वहां नहीं जाने के सवाल पर इमरती देवी ने कहा, “मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं।” इसके साथ ही उन्होंने कहा, “समय सबका बदलता है, पहले किसी और का था, अब किसी और का है और आगे किसी और का होगा।”
इमरती देवी के इन बयानों के बाद कार्यक्रम में मंच व्यवस्था के साथ-साथ पार्टी के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बाइट—इमरती देवी, पूर्व मंत्री, मध्य प्रदेश
Continue With Google