पत्रकारिता की विरासत को नमन, साहस की मिसाल का सम्मान

सुरेश जैमिनी की स्मृति में हर साल एक प्रतिभा को सम्मानित करने की घोषणा

 भैरूंदा। सीहोर जिले के निर्भीक पत्रकार दादा स्वर्गीय सुरेश जैमिनी के श्राद्ध कार्यक्रम में शनिवार को भैरूंदा स्थित रामाधीश गार्डन में उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जैमिनी के व्यक्तित्व, उनके सरल स्वभाव और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उनकी स्मृतियों को साझा करते हुए समाज और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया।

श्रद्धांजलि के बाद नीलकंठ निवासी साक्षी केवट को साहस और मानवीय संवेदना के लिए सम्मानित किया गया। मार्च 2023 में होली के अवसर पर रंग-गुलाल खेलने के बाद दो युवक नीलकंठ स्थित नर्मदा नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उस समय नर्मदा तट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने नदी में उतरकर उन्हें बचाने का साहस नहीं किया।
ऐसे समय में साक्षी केवट ने अपनी जान की परवाह किए बिना नर्मदा के गहरे पानी में छलांग लगाई और डूब रहे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। साक्षी के इस साहसिक कदम ने यह संदेश दिया कि संकट की घड़ी में संवेदना के साथ हिम्मत दिखाना भी समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में साक्षी को शाल, श्रीफल, स्मृति चिह्न और प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरे का जीवन बचाना समाज के लिए प्रेरणादायी मिसाल है।
इस अवसर पर सर्च स्टोरी समूह के संपादक नितिन दुबे ने स्वर्गीय सुरेश जैमिनी की स्मृति को जीवंत रखने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रत्येक वर्ष समाज, शिक्षा, पत्रकारिता, कला, खेल अथवा किसी अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली एक प्रतिभा का चयन कर उसे सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ स्वर्गीय जैमिनी की स्मृतियों और उनके मूल्यों को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में सर्च स्टोरी समूह के संपादक नितिन दुबे, सुधा सुरेश जैमिनी,दिनेश नागर, प्रशांत जैमिनी, राजीव गौर, बलराम सिसोदिया, बृजराज सिंह बुंदेला, जितेंद्र पंवार, गोलू नीरज जैमिनी, युवा नेता संजय हवेली, सुरेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

 

हर साल एक प्रतिभा को मिलेगा सम्मान

संपादक नितिन दुबे ने स्वर्गीय सुरेश जैमिनी की स्मृति में हर साल एक प्रतिभा को सम्मानित करने की घोषणा की। समाज, शिक्षा, पत्रकारिता, कला, खेल या अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति का चयन कर सम्मानित किया जाएगा। पहल का मकसद प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाना और स्वर्गीय जैमिनी के समाजहित एवं पत्रकारिता के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।