प्रेस क्लब जोबट द्वारा मीडिया कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
जोबट, 11 जुलाई। जिले प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश जी तवर के नेतृत्व प्रेस क्लब जोबट अध्यक्ष कमल पारीक के मार्गदर्शन मे पत्रकार महासम्मेलन, मीडिया कार्यशाला एवं सम्मान समारोह स्थानीय सभागार में गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से पत्रकार, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान तथा जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल रहे। वहीं पूर्व विधायक श्री माधव सिंह डावर सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रेस क्लब जोबट की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए समाज में सकारात्मक जागरूकता लाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।
जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज़ हैं। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान एवं उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व विधायक श्री माधव सिंह डावर ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
मीडिया कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकारों एवं वक्ताओं ने डिजिटल पत्रकारिता, फेक न्यूज़ से बचाव, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, मीडिया की बदलती भूमिका तथा पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से अपने विचार रखे।
जोबट नगर में उत्कृष्ट कार्य करने वालो का सम्मान
01. श्रद्धेय शिवनारायण सक्सेना जी
"समाज सेवा और धार्मिक चेतना के प्रकाश स्तंभ"
नेत्रदान जैसे पुनीत कार्य के लिए जन-जन को प्रेरित करने वाले, गायत्री मंदिर ट्रस्ट एवं गायत्री स्कूल के संस्थापक सदस्य, श्रद्धेय शिवनारायण सक्सेना जी। आप सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सदैव अग्रिम पंक्ति में रहकर नेतृत्व करने वाले एक मार्गदर्शक व्यक्तित्व हैं।
02. श्री नटवर सिंह बैस जी
"राष्ट्र रक्षा से अन्न सुरक्षा तक: कर्तव्य पथ के सजग प्रहरी"
भारतीय सेना में रहकर माँ भारती की गौरवशाली सेवा करने वाले और वर्तमान में एक समर्पित कृषक के रूप में अन्न उपजाकर राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दे रहे, श्री नटवर सिंह बैस जी। शौर्य और श्रम के समन्वय के साथ आप निरंतर कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
03. श्री तुकाराम ढोले जी
"स्मृति को सेवा में बदलने वाले, करुणा के साक्षात स्वरूप"
अपनी दिवंगत धर्मपत्नी की पावन स्मृति में वर्षों से बेसहारा और निर्धन लोगों के लिए स्वयं के व्यय से निरंतर निःशुल्क भोजन की व्यवस्था करने वाले एवं गणेश मंदिर के संस्थापक सदस्य, श्री तुकाराम ढोले जी। आपका यह सेवा भाव समाज के लिए एक अनुपम उदाहरण है।
04. डॉ. के. गहलोत जी
"अंचल के सेवाभावी चिकित्सक, गरीबों के मसीहा"
जोबट और खट्टाली क्षेत्र में वर्षों से अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से दीन-दुखियों के हृदय में अमिट पहचान बनाने वाले, डॉ. के. गहलोत जी। चिकित्सा को व्यवसाय नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानकर आपने क्षेत्र में 'गरीबों के मसीहा' के रूप में ख्याति अर्जित की है।
05. डॉ. नरेंद्र मोरी जी
"युवाओं के प्रेरणास्रोत, मरीजों के अटूट विश्वास का दूसरा नाम"
विषम से विषम परिस्थितियों में भी अपने सेवा धर्म के प्रति सदैव सजग रहने वाले, डॉ. नरेंद्र मोरी जी। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के भीषण दौर में भी आपने दिन-रात पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। आप आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत और मरीजों के विश्वास का संबल हैं।
06. श्री विजय वास्कले जी (थाना प्रभारी, जोबट)
"अपराधियों में खौफ का पर्याय, जनमानस में सुरक्षा का विश्वास"
जोबट क्षेत्र में पदभार ग्रहण करते ही अपराध और अपराधियों पर कड़ा नियंत्रण स्थापित करने वाले सिंघम अधिकारी, श्री विजय वास्कले जी। 19 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के आरोपियों को अपनी त्वरित कार्यप्रणाली और दूरदर्शिता से सलाखों के पीछे पहुँचाने वाले तथा आम जनता में पुलिस के प्रति अटूट विश्वास जगाने वाले आप एक जांबाज अधिकारी हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आपको प्रतिष्ठित 'रुस्तम अवार्ड' सहित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
वही रक्तदान में जिले में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले अश्विन नागर एवं कपील राठौड़ का भी सम्मान दिया गया
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब जोबट के पदाधिकारी राजेश जैन ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में जिलेभर के पत्रकार, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या
में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)