केसली (सागर) - मध्य प्रदेश सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सागर जिले की जनपद पंचायत केसली, राजस्व विभाग एवं ग्राम पंचायत केसली के संयुक्त तत्वाधान में 'सेवा सेतु अभियान शिविर' का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस और पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित निराकरण करना और उन्हें शासकीय योजनाओं के लाभ से जोड़ना रहा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया समस्याओं का तुरंत समाधान
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार "आपकी सरकार, आपके द्वार" की मंशा के साथ काम कर रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एक ही मंच पर उपस्थित रहकर मौके पर ही आवेदनों का निराकरण कर रहे हैं, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर आम जन की समस्याओं को हल करने का काम कर रहे हैं। इस प्रकार के अभियानों से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुँच रहा है।
विभिन्न विभागों के आवेदन हुए प्राप्त, पात्रों को मिला लाभ
सेवा सेतु अभियान शिविर के दौरान राजस्व, जनपद पंचायत, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े जन-समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन कर कई प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया तथा शेष आवेदनों को समय-सीमा में हल करने के निर्देश दिए।
शिविर में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ये अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
आयोजन के दौरान प्रशासनिक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें
प्रशासनिक अधिकारी: एसडीएम राजनंदनी शर्मा, तहसीलदार देवी प्रसाद चक्रवर्ती, नायब तहसीलदार रतन सिंह, जनपद पंचायत सीईओ प्रतिष्ठा जैन, बीईओ रूपल जैन, बीआरसी राजकुमार अहिरवार, महिला एवं बाल विकास अधिकारी भारती मेहरा, एई अनिल पाठक, सब इंजीनियर अरविंद मिश्रा, लेखापाल आर.आर. कबीरपंथी।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक: मंडल अध्यक्ष राम लखन सिंह, सुधीर भाई, श्रीमती प्रीति जैन, श्रीमती उषा श्रीवास्तव, श्रीमती भारती सिंह, जितेंद्र सिंह, अरुण प्रजापति, गोपाल विश्वकर्मा, सुधीर पटेरिया, मनीष सोनी, नीरज चौरसिया, विकास अहिरवार, सरपंच प्रतिनिधि दिनेश खटीक, सचिव राजू अहिरवार, भगवानदास विश्वकर्मा आदि सहित शिविर में विभिन्न विभागों के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Continue With Google