दमोह दौरा: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

दमोह के कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट से कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल का आगमन हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल और पूर्व विधायक अजय टंडन समेत अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

अजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस की सरकार नहीं है। अब हमें हर स्तर पर पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। हमें अपने क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी को सशक्त बनाना होगा ताकि आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बन सके।

एलपीजी किल्लत पर केंद्र सरकार को घेरा

मीडिया से बातचीत के दौरान अजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कहती है कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। कालाबाजारी और मारामारी की स्थिति बनी हुई है। भाजपा सरकार को इस दिशा में सुधार के प्रयास करने चाहिए, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं।

प्रभारी मंत्री की अनुपस्थिति पर सवाल

प्रभारी मंत्री के दमोह कम आने के सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि प्रभारी मंत्री को फुर्सत होगी तब वे आएंगे। मुख्यमंत्री भी प्रदेश में कम और विदेश में ज्यादा समय बिता रहे हैं। यह जो प्रभारी मंत्री का कांसेप्ट है, वह रुचि के अनुसार काम करते हैं। दमोह ड्राई एरिया है, यहां कौन आएगा?

युवा पीढ़ी को कांग्रेस का इतिहास नहीं पता

अजय सिंह ने कहा कि 2003 में कांग्रेस की सरकार चली गई थी। बीच में सवा साल के लिए सरकार बनी, लेकिन वह भी चली गई। मेरे ही क्षेत्र के 30 साल के एक युवा को नहीं पता कि मैं कभी मंत्री था। दाउ साहब (अर्जुन सिंह) का नाम तो जानते हैं, लेकिन मंत्री कौन था यह नहीं मालूम।

अंत में अजय सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने पद के अनुसार तैयारी करें ताकि कांग्रेस को मजबूत बनाकर सत्ता में वापसी की जा सके।