आमला। नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती और स्ट्रीट लाइटों के अनावश्यक संचालन को लेकर नगर कांग्रेस ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं युवा कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने एसडीएम एवं नगर पालिका अध्यक्ष के नाम पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो नगर कांग्रेस विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर विद्युत ऊर्जा मंत्री का पुतला दहन करेगी।
पार्षद ने पत्र में आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग द्वारा नगर के सभी 18 वार्डों में कभी भी मेंटेनेंस के नाम पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। कई बार रात के समय 5 से 6 घंटे तक बिजली गुल रहने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दूसरी ओर, सुबह पर्याप्त उजाला होने के बावजूद स्ट्रीट लाइटें घंटों तक जलती रहती हैं और शाम को भी समय से पहले चालू कर दी जाती हैं, जिससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बिजली की बर्बादी हो रही है।
उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे सूर्योदय के बाद भी स्ट्रीट लाइटें करीब 8 बजे तक चालू रहती हैं, जबकि शाम को लगभग 5 बजे से ही लाइटें जला दी जाती हैं। इस प्रकार प्रतिदिन करीब 4 घंटे तक अनावश्यक रूप से स्ट्रीट लाइटें जलाकर नगर पालिका और करदाताओं के लाखों रुपये बर्बाद किए जा रहे हैं।
कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने बताया कि इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन विभाग द्वारा टाइमर और सेंसर प्रणाली का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिजली बचाने के लिए आम जनता को जागरूक किया जाता है तो फिर सरकारी स्तर पर हो रही इस बर्बादी पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
पत्र में उन्होंने एसडीएम एवं नगर पालिका अध्यक्ष से मामले की जांच कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे तथा विद्युत ऊर्जा मंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराएंगे।
"एक तरफ जनता घंटों बिजली कटौती झेल रही है और दूसरी तरफ सरकारी स्तर पर बिजली की खुली बर्बादी हो रही है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर नगरवासियों को राहत दिलानी चाहिए।"
— कुमारी खुशबू विजय अतुलकर, पार्षद एवं युवा कांग्रेस जिला महासचिव