सफाई कर्मचारियों का आक्रोश: नौरोजाबाद नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
उमरिया जिले की नौरोजाबाद नगर परिषद एक बार फिर विवादों के घेरे में है। इस बार मामला शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों के आक्रोश से जुड़ा है। मध्य प्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ की बैठक में कर्मचारियों ने अपनी जायज मांगों की लगातार अनदेखी पर प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
संघ ने 5 जून को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी, जिसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), अकाउंटेंट और स्थापना शाखा के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, बैठक में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। कर्मचारियों का कहना है कि जब वे हर परिस्थिति में शहर की सफाई कर सकते हैं, तो अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने के लिए समय क्यों नहीं निकाल सकते?
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जल्द विशेष बैठक बुलाने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।
संघ का कहना है कि इस तरह की अनदेखी से कर्मचारियों का मनोबल गिरता है और प्रशासन को इस स्थिति को गंभीरता से लेना चाहिए।

Continue With Google
Comments (0)