हरदा में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। आंदोलन के दसवें दिन राष्ट्रीय किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने भगवान के दरबार में न्याय की गुहार लगाते हुए दंडवत यात्रा निकाली। छोटी हरदा हनुमान मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा बायपास चौराहा स्थित हनुमान मंदिर तक पहुंची। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मूंग खरीदी की मात्रा बढ़ाने और किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग को लेकर पिछले दस दिनों से किसान मंडी प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के दसवें दिन किसानों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए छोटी हरदा हनुमान मंदिर से बायपास चौराहा स्थित हनुमान मंदिर तक दंडवत यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

किसानों ने बताया कि दंडवत यात्रा के बाद सभी आंदोलनकारी आज रात बायपास चौराहा स्थित हनुमान मंदिर में विश्राम करेंगे। इसके बाद मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर अधिकारियों को अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराएंगे। जनसुनवाई के बाद सभी किसान पुनः मंडी प्रांगण स्थित धरना स्थल पर लौटेंगे और आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

राष्ट्रीय किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामनिवास पटेल का कहना है कि जब तक सरकार मूंग खरीदी की मात्रा बढ़ाने और किसानों के हित में ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उधर प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है

हरदा में दस दिनों से जारी किसान आंदोलन अब नए-नए विरोध प्रदर्शनों के जरिए सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रहा है। अब सबकी नजर जिला पंचायत की जनसुनवाई और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।