उमरिया: "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत नौरोजाबाद में 500 पौधों का वृक्षारोपण

उमरिया। विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अवसर पर नगर परिषद नौरोजाबाद ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र में 500 पौधों का वृक्षारोपण किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित आवरण का विस्तार करना और नागरिकों को पौधारोपण एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष कुशल सिंह, उपाध्यक्ष नईम उल्ला बेग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवप्रसाद धुर्वे, लेखापाल राघवभान सिंह, स्वच्छता प्रभारी कालीचरण महोबिया सहित सभी पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प है।

जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने और इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।

शपथ और आह्वान

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की शपथ ली। नगर परिषद नौरोजाबाद ने नगरवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर शहर को हराभरा एवं प्रदूषणमुक्त बनाने का आह्वान किया।