गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर रेल मंडल भोपाल के सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक ने रेल जनसंवाद कार्यक्रम किया। इस दौरान यात्रियों ने रेलवे ट्रैक पार करने की मजबूरी, RPF की कमी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे उठाए, जिस पर सुरक्षा आयुक्त ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गुरुवार को गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नागरिकों और यात्रियों की उपस्थिति  कम होने के बाद भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। सबसे बड़ी समस्या रेलवे ट्रैक पार करने की बताई गई। यात्रियों ने कहा कि दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए उन्हें जोखिम उठाकर ट्रैक पार करना पड़ता है।

इस पर सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक ने कहा कि स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज उपलब्ध है, लेकिन आने वाले समय में उसका उन्नयन किया जाएगा ताकि यात्रियों को दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि ट्रैक पार करना जानलेवा हो सकता है, इसलिए यात्रियों को जागरूक कर हमेशा FOB का उपयोग करने के लिए समझाइश दी जाएगी।

रेल जनसंवाद में नागरिकों ने स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की।

सुरक्षा आयुक्त ने आश्वस्त किया कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर पूरा ध्यान दिया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
इसके अलावा यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर शुद्ध और ठंडे पेयजल की समस्या भी उठाई। 
कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक सहित रेलवे पुलिस के स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। रेल जनसंवाद कार्यक्रम क्या व्यापक प्रचार प्रसार न होने के कारण रेल जनसंवाद कार्यक्रम में गंजबासौदा  के नागरिकों की उपस्थिति कम संख्या में रही। जिससे मूलभूत समस्याएं ओर ट्रेनों के स्टॉपेज को लेकर की समस्या रेल जनसंवाद में नहीं उठाई  गई।