पीली कोठी दरगाह की नई वक्फ कमेटी गठित, शाकिब राईन बने अध्यक्ष...
एंकर/- सागर की प्रसिद्ध धार्मिक एवं सामाजिक पहचान हजरत सैय्यद दाऊद मक्की चिश्ती दाऊद पिया साबरी दरगाह, पीली कोठी के प्रबंधन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड, भोपाल ने दरगाह के सुचारु संचालन और जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से नई वक्फ कमेटी का गठन किया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।
मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार नई वक्फ कमेटी का कार्यकाल 29 जून 2028 तक रहेगा। नई समिति में शाकिब राईन को अध्यक्ष, शाहनवाज कुरैशी को उपाध्यक्ष, मोहम्मद ज़ुबैर को सचिव, मोहम्मद आरिफ राईन को सह सचिव तथा फुरकान अहमद को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं शेख अता-उर-रहमान, अजहर खान, इजहार खान, मोहम्मद हलीम और फैसल को सक्रिय सदस्य बनाया गया है।
पत्रकार वार्ता के दौरान नवगठित समिति ने बताया कि उनका उद्देश्य दरगाह परिसर को केवल धार्मिक स्थल तक सीमित न रखकर सेवा, कौमी एकता और जनहित का आदर्श केंद्र बनाना है। समिति ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और जायरीन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। साथ ही बाहर से आने वाले जायरीन के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी बेहतर बनाने की योजना पर काम किया जाएगा।
समिति ने यह भी जानकारी दी कि मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के निर्देशानुसार दरगाह की आय का 50 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा एवं जनकल्याण पर खर्च किया जाएगा। इसके अंतर्गत गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, पुस्तक वितरण, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, नेत्र परीक्षण, नि:शुल्क दवा वितरण और पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। नई कमेटी ने भरोसा दिलाया कि वक्फ अधिनियम के सभी प्रावधानों का पालन करते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा। दरगाह की आय का उपयोग केवल विकास कार्यों और लोकहित की योजनाओं में किया जाएगा। साथ ही सभी धर्मों और समाज के लोगों के बीच भाईचारा, कौमी एकता और मानव सेवा की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा। नई वक्फ कमेटी के गठन के साथ अब लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं कि पीली कोठी दरगाह में व्यवस्थाओं में सुधार होगा और धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में भी नई पहल देखने को मिलेगी।
Continue With Google
Comments (0)