आमला। नगर के जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं 9 सूत्रीय मांगों को लेकर वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर के नेतृत्व में कल दोपहर 12 बजे मां चंद्रभागा नदी पुल पर चक्का जाम आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने नगर के सभी गणमान्य नागरिकों, सम्मानित पत्रकारों, व्यापारी बंधुओं, किसान भाइयों-बहनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, युवाओं एवं नगरवासियों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि नगर के विकास, जनहित के कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है।

पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने सभी नागरिकों से कल दोपहर 12 बजे मां चंद्रभागा नदी पुल पर एकत्रित होकर आंदोलन को सफल बनाने तथा जनहित की इस लड़ाई में अपना सहयोग देने का विनम्र आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जनता की एकजुटता से ही प्रशासन का ध्यान नगर की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि नगरवासी जनहित के इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और आम जनता के अधिकारों एवं विकास कार्यों के लिए अपनी सहभागिता निभाएंगे।