रामसागर तालाब में गूंजा स्वच्छता का संदेश, युवाओं के साथ श्रमदान में उतरे जनपद पंचायत अध्यक्ष विकास तिवारी
गंगेव/रीवा। ग्राम तिवनी के ऐतिहासिक रामसागर तालाब में रविवार को स्वच्छता और जनजागरूकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी के नेतृत्व में आयोजित सफाई अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं, ग्राम के वरिष्ठजनों, छोटे-बड़े भाईयों तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तालाब परिसर की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान सभी ने श्रमदान कर तालाब एवं उसके आसपास फैली गंदगी को हटाया तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर विकास तिवारी ने कहा कि गांव की स्वच्छता और जल स्रोतों का संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से हर रविवार नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित गांव का सपना साकार हो सकता है।
उन्होंने कहा कि रामसागर तालाब ग्राम की अमूल्य धरोहर है, जिसकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान में शामिल युवाओं ने भी हर रविवार श्रमदान कर गांव के सार्वजनिक स्थलों और जल स्रोतों की साफ-सफाई जारी रखने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने का कार्य करते हैं। पूरे अभियान के दौरान उत्साह का माहौल रहा और स्वच्छता के प्रति लोगों में विशेष जागरूकता देखने को मिली।
Continue With Google
Comments (0)