हटा/- आगामी नवरात्र पर्व दुर्गा प्रतिमा स्थापना, दशहरा उत्सव और बागेश्वर धाम सरकार की सनातन हिंदू एकता यात्रा को लेकर शनिवार को हटा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम राकेश मरकाम की अध्यक्षता में हुई बैठक में धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, बिजली के झूलते तारों, सफाई और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने और सड़क सुधार के निर्देश दिए। बैठक में एसडीओपी केपी सिंह, नायब तहसीलदार उमेश तिवारी, नगर पालिका के प्रभारी सीएमओ राजेंद्र खरे, उपयंत्री जाकिर रंगरेज, एमपीईबी प्रभारी प्रशांत खरे, रामगोपाल जी मंदिर के महंत श्यामदास, बालाजी मंदिर के महंत हरिराम दास, डॉ. सीएल नेमा, पुष्पेंद्र हजारी, गोलू सराफ, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ नेमा सहित दुर्गा प्रतिमा स्थापना समितियों के सदस्य, अखाड़ा सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

12 अक्टूबर को पहुंचेगी सनातन हिंदू एकता यात्रा, निर्धारित मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
बैठक में बताया गया कि 12 अक्टूबर को बागेश्वर धाम सरकार की सनातन हिंदू एकता यात्रा हटा पहुंचेगी। यात्रा और रात्रि विश्राम की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए अंधियारा बगीचा से गौरीशंकर मंदिर तक के मार्ग को 12 अक्टूबर को नो व्हीकल जोन रखा जाएगा। एसडीओपी केपी सिंह ने यात्रा के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, डीजे संचालन और मूर्ति स्थापना पंडालों से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। बताया गया कि 13 अक्टूबर को चंडी जी मंदिर में दर्शन के बाद यात्रा पटेरा की ओर प्रस्थान करेगी। इस दौरान महंत श्यामदास ने अधिक से अधिक लोगों से सनातन हिंदू एकता यात्रा में शामिल होने की अपील की।

20 अक्टूबर को दशहरा, 19 अक्टूबर को होगा जवारा विसर्जन
बैठक में दशहरा उत्सव और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। महंत श्यामदास ने बताया कि दशहरा पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जबकि 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन होगा। दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की विस्तृत व्यवस्थाओं को लेकर अलग से बैठक आयोजित की जाएगी।

डॉ. सीएल नेमा ने बताया कि दशहरा पर्व पर अंधियारा बगीचा में नौ प्रतिमाएं एकत्रित होती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यहां पर्याप्त सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना जरूरी है। रामनाथ राय और बृजेश गुप्ता ने विश्राम गृह मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। इस पर एसडीएम राकेश मरकाम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधार के निर्देश दिए। नगर पालिका की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

बड़े बाजार में अतिक्रमण और शराब दुकान से परेशानी का मुद्दा उठा
बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। प्रवीण चौरसिया ने बड़े बाजार में दुकानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बार-बार समझाइश देने के बावजूद कुछ दुकानदार अपनी दुकानें व्यवस्थित नहीं करते, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। इस पर एसडीओपी केपी सिंह ने संबंधित पक्षों से चर्चा कर समाधान निकालने की बात कही। प्रभारी सीएमओ राजेंद्र खरे ने भी आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

दीपेश पटेरिया ने शांति समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। उन्होंने राय चौराहा स्थित शराब दुकान के कारण होने वाली असुविधा का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य के बावजूद रेत और गिट्टी फैली रहने से लोगों को हो रही परेशानी की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

बिजली के झूलते तार हटाने और दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के निर्देश
बैठक में बिजली व्यवस्था को लेकर भी कई शिकायतें सामने आईं। नागरिकों ने बाजार से बजरिया के बीच बिजली के तार झूलने और नगर की विभिन्न सड़कों पर नीचे लटक रहे तारों को हटाने की मांग की। बृजेश गुप्ता और एडवोकेट पवन सिंह राजपूत ने भी इस समस्या को उठाया।

राय चौराहा और कोऑपरेटिव बैंक चौराहे के आसपास पेड़ों की छंटाई कराने की मांग भी रखी गई। प्रभारी सीएमओ राजेंद्र खरे ने बताया कि पेड़ों की छंटाई के दौरान कुछ लोग अपने मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हैं, जिससे कार्य में कठिनाई आती है।
एमपीईबी प्रभारी प्रशांत खरे ने विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने दुर्गा पंडालों में अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने, तारों की सुरक्षित व्यवस्था रखने और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने की अपील की। साथ ही विद्युत भार को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने और नवरात्र के दौरान लोड शेडिंग नहीं करने का आश्वासन दिया।

दुर्गा पंडालों के सामने गड्ढे भरने और सफाई कराने की मांग
नगर की सफाई और सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। अभिषेक सोनी ने झिरिया से शीतला माता मंदिर और चंडी जी रोड तक सफाई कराने तथा सड़क के गड्ढे भरवाने की मांग की। रीतेश फौजदार ने चंडी जी चौराहे पर पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाने का सुझाव दिया, ताकि पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था नियंत्रित रखी जा सके।

देवेंद्र पटेल ने दुर्गा होटल से अंधियारा बगीचा तक बिजली के झूलते तारों, नाला गली में अतिक्रमण और अंधियारा बगीचा के किनारे जमा कचरे का मुद्दा उठाया। उन्होंने कचरे के ढेर को हटाने की मांग की। उपयंत्री जाकिर रंगरेज ने दुर्गा पंडालों के सामने मौजूद गड्ढों को भरवाने का आश्वासन दिया।

डीजे पर अशोभनीय गाने बजाने से बचने की अपील
एसडीओपी केपी सिंह ने धार्मिक आयोजनों के दौरान डीजे पर अशोभनीय गाने नहीं बजाने और ध्वनि का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज आवाज के बीच चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दिए जाने की आशंका रहती है। इस संबंध में उन्होंने पटेरा में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने सराफा क्षेत्र के आसपास मूर्ति स्थापना करने वाली समितियों और रहवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। रात्रि गश्त को लेकर भी पुलिस की मुस्तैदी पर जोर दिया गया। विशेष रूप से सुबह ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक गश्त प्रभावी रखने के निर्देशों की जानकारी दी गई।
एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक जुलूसों और आयोजनों के दौरान किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी समितियों और नागरिकों से आपसी सद्भाव बनाए रखने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में अधिकारियों ने पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। वहीं, नागरिकों ने समस्याओं का समय पर निराकरण करने और शांति समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन करने की अपेक्षा जताई। बैठक का संचालन नगर निरीक्षक एवं थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।