विश्राम गृह त्योंथर में भाजपा का विजय उत्सव: कार्यकर्ताओं के बीच बंटी झालमुड़ी और बंगाली मिठाई
त्योंथर/रीवा: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और असम सहित अन्य राज्यों में मिली शानदार सफलता का जश्न विशेष उत्सव के रूप में त्योंथर विधानसभा के विश्राम गृह में आयोजित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सिद्धार्थ तिवारी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
इस मौके पर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अचूक रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कुशल सांगठनिक मार्गदर्शन में भाजपा ने बंगाल के साथ-साथ असम और अन्य राज्यों में भी अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।
विजय की इस बेला को बंगाल की संस्कृति से जोड़ते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने विशेष रूप से बंगाल का प्रसिद्ध व्यंजन 'झालमुड़ी' और बंगाली मिठाइयां वितरित कीं। विधायक ने स्वयं अपने हाथों से कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी खिलाई और इस शानदार जीत की बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान 'भारत माता की जय' और 'जय श्री राम' के उद्घोष के साथ कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
जिला मंत्री प्रणेश ओझा, मंडल अध्यक्ष घनश्याम यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन एक सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ कि सभी कार्यकर्ता आगामी समय में भी पार्टी के लिए इसी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

Continue With Google
Comments (0)