आमला। वार्ड क्रमांक 9 के रहवासियों के लिए वर्षों से प्रतीक्षित सौगात आखिरकार साकार हो गई। वार्ड की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर के निरंतर प्रयासों से नगर पालिका ने लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विशेष निधि के अंतर्गत सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस सड़क के बनने से करीब 50 वर्षों से कच्ची सड़क, कीचड़ और धूल की समस्या झेल रहे क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिलेगी।

पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने बताया कि इस मार्ग पर लगभग पांच दशक से लोग निवास कर रहे हैं। हर वर्ष बरसात के मौसम में सड़क कीचड़ से भर जाती थी, जिससे आमजन, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पूर्व के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ उनके कार्यकाल में भी कच्ची सड़क पर डस्ट मुरूम डलवाकर अस्थायी व्यवस्था की जाती रही, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया था।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका परिषद के एजेंडे में श्रीमती रेश्मी सातनकर के मकान से श्री रतनलाल शेषकर के मकान तक सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव शामिल कराया गया था। परिषद ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी, जिसके बाद अब नगर पालिका द्वारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।

निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने भगवान भोलेनाथ एवं मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद निर्माण स्थल पर मिक्सर मशीन का विधिवत पूजन किया तथा निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों का तिलक लगाकर उनका सम्मान किया और प्रसाद वितरित किया। पूजा-अर्चना के उपरांत ठेकेदार द्वारा सीसी रोड निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया गया।

यह सड़क क्षेत्र के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी मार्ग पर वार्ड क्रमांक 9 की आंगनवाड़ी संचालित है तथा मां दुर्गा, भगवान भोलेनाथ और नागदेव का प्राचीन मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। इसके अलावा छोटे-छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों का भी इसी मार्ग से आना-जाना होता है। सड़क बनने से सभी को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से पूरे वार्ड को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने पार्षद को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह विकास कार्य आने वाले वर्षों तक वार्ड के लिए लाभकारी साबित होगा।

पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने इस विकास कार्य के लिए नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिंजवे तथा नगर पालिका परिषद का अपने एवं समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।