मोहनगढ़ महोत्सव का भव्य समापन, संस्कृति-खेल के संगम ने रचा इतिहास

रोमांचक मुकाबलों के बीच सादिक वॉरियर्स बनी चैंपियन

टीकमगढ़:- मोहनगढ़ महोत्सव का भव्य समापन पूरे उत्साह, उल्लास और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।मंच की शोभा बढ़ाने में मच संचालक आलोक खरे ने अहम भूमिका निभाई महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग दिया। समापन अवसर मुख्य अतिथि पंडित राजेश पटेरिया जिला अध्यक्ष भाजपा निवाड़ी, विशिष्ट अतिथि राहुल तिवारी युवा मोर्चा, अतिथि श्रीमति नीलू केशव खटीक मौजूद रहे। इसके साथ टूर्नामेंट पुरूस्कार वितरण के बाद लोकसंस्कृति की झलक पेश करते लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं खेल मैदान पर चले मुकाबलों ने अंतिम क्षण तक रोमांच बनाए रखा।
महोत्सव के दौरान आयोजित टूर्नामेंट में विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड की टीम ने एक मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की, जिसमें आदर्श और मयंक का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। कड़े संघर्ष के बावजूद उत्तराखंड की टीम को उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा। टूर्नामेंट की विजेता टीम सादिक वॉरियर्स मुजफ्फरनगर रही, जिसने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार तीन मुकाबले जीतकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। टीम की जीत में लक्षित फौजी और प्रिंस देशवाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिनकी खेल प्रतिभा की दर्शकों और आयोजकों द्वारा जमकर सराहना की गई।

समापन समारोह में सम्मान और उल्लास 

महोत्सव के समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। मंच से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों ने खेल भावना और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। समापन अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

जनता जनार्दन खिलाड़ियों, कलाकारों एवं आयोजन समिति का आभार: धर्मेंद्र मोदी:- टूर्नामेंट अध्यक्ष

महोत्सव एवं टूर्नामेंट के आयोजनकर्ता धर्मेंद्र मोदी ने कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता पर जनता जनार्दन, खिलाड़ियों, कलाकारों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का सहयोग, युवाओं का जोश और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहनगढ़ महोत्सव को नई पहचान दी है। कार्यक्रम को लेकर जनता ने धर्मेंद्र मोदी के प्रयासों की खुलकर सराहना की और ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की मांग की।

खेल, संस्कृति और एकता का प्रतीक बना मोहनगढ़ महोत्सव

अंशुल खटीक ने कहा कि मोहनगढ़ महोत्सव ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला सशक्त मंच बन चुका है। भव्य समापन के साथ महोत्सव ने क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ किया तथा आने वाले वर्षों के लिए नई उम्मीदें जगा दीं।इस दौरान ये रहे मौजूद  राजेश साहू निवाड़ी, पवन चतुर्वेदी,जिला अध्यक्ष मानसिंह दांगी, हरप्रसाद कुशवाहा मंडल अध्यक्ष मंच संचालक आलोक खरे, रजनीश यादव रानीपुरा सरपंच, राकेश शुक्ला, फूलसिंग यादव सरपंच पड़वार,शेख इरशाद,बैजनाथ अवस्थी,शकील खान मुखिया, इलू जैन,प्रदीप खटीक सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।