मुलताई, बैतूल: बैतूल जिले की पवित्र नगरी मुलताई का नाम बदलकर मुलतापी करने की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। बैतूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, "आप प्रस्ताव भेजिए, हम भारत सरकार से मांग कर मुलताई का नाम मुलतापी करने की घोषणा करते हैं।" इस घोषणा के बाद मुलताई क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैतूल पुलिस ग्राउंड में आयोजित पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले की कृषि और स्थानीय उत्पादों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "बैतूल में गुड़ बहुत होता है, यहाँ कौन-कौन गुड़ लगता है? हम इसका आकलन कर यहां क्लस्टर बनाएंगे," जिससे किसानों को बेहतर बाजार और आर्थिक मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री के इस बयान से न केवल मुलताई का नाम परिवर्तन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आया है, बल्कि मुलताई नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। पवित्र नगरी में नागरिकों ने आतिशबाजी कर मुख्यमंत्री के बयान पर खुशी जताई।

यह घोषणा मुलताई के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो लंबे समय से इस परिवर्तन की मांग कर रहे थे।