अशोकनगर | परिवार नियोजन सिर्फ महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, इस संदेश के साथ शुक्रवार को जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़े की शुरुआत हुई। जागरूकता रैली निकालकर लोगों को समझाया गया कि पुरुष नसबंदी आसान, सुरक्षित और बिना किसी झंझट वाली प्रक्रिया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अलका त्रिवेदी ने बताया कि पखवाड़ा 25 नवंबर से 9 दिसंबर तक चलेगा। इसे दो चरणों में बांटा गया है।
पहले चरण में 25 से 30 नवंबर तक गांव-गांव में जागरूकता फैलाई जाएगी। मैदानी कार्यकर्ता अस्थाई गर्भनिरोधक के उपयोगकर्ताओं को चिन्हित करेंगे। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और धर्मगुरुओं के सहयोग से परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
दूसरे चरण में 1 से 9 दिसंबर तक सेवा दी जाएगी। इस दौरान जिला अस्पताल और विकासखंड स्तर की स्वास्थ्य संस्थाओं में कैंप लगाकर पुरुष नसबंदी की जाएगी।
सिर्फ 5 से 10 मिनट में होती है प्रक्रिया
जिला स्वास्थ्य अधिकारी रजनी छारी ने कहा कि पुरुष नसबंदी को लेकर लोगों में जो भ्रम है, उसे दूर करना जरूरी है। यह बहुत ही आसान और सरल पद्धति है। इसमें सिर्फ 5 से 10 मिनट लगते हैं। भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ती, नसबंदी के बाद व्यक्ति सीधे घर जा सकता है। इससे किसी तरह की कमजोरी नहीं आती। महिला नसबंदी की तुलना में यह काफी आसान है।
मिलेगा 3000 रुपये का लाभ
पखवाड़े में पुरुष नसबंदी कराने वाले हितग्राही को 3000 रुपये और प्रेरक को 400 रुपये दिए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि भ्रम और झिझक छोड़कर आगे आएं और परिवार नियोजन में बराबर की भागीदारी निभाएं।
Continue With Google