अशोकनगर | बाल विवाह निषेध दिवस पर शुक्रवार को पूरे जिले में एक ही आवाज गूंजी - बचपन को बचपन रहने दो। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम हुए, जिसमें स्कूलों के बच्चे, शिक्षक, ग्रामीण और पुलिस एक साथ नजर आए।

सुबह से ही अलग-अलग थानों की टीम स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर पहुंची। वहां बच्चों को बताया गया कि कम उम्र में शादी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि उनके पढ़ाई, सेहत और भविष्य पर सीधा हमला है। बाल विवाह से लड़कियों की पढ़ाई छूट जाती है और कम उम्र में ही उन पर परिवार की जिम्मेदारी आ जाती है।

कार्यक्रमों में मौजूद लोगों ने सामूहिक शपथ ली। शपथ में कहा गया कि न तो खुद बाल विवाह करेंगे और न ही अपने परिवार या गांव-मोहल्ले में किसी बच्चे का बाल विवाह होने देंगे। अगर कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना देंगे।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि इस कुप्रथा को खत्म करने के लिए सिर्फ पुलिस नहीं, समाज को भी आगे आना होगा। बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के बराबर मौके देना हर किसी की जिम्मेदारी है। बाल विवाह मुक्त समाज तभी बनेगा जब हर गांव और हर घर में जागरूकता पहुंचेगी।

पुलिस का कहना है कि बाल विवाह की सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।