अशोकनगर | नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन अच्छी खबर लेकर आया। जनपद पंचायत परिसर अशोकनगर में लगे युवा संगम कार्यक्रम में एक ही छत के नीचे 7 निजी कंपनियां पहुंचीं। कुल 130 युवाओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन कराया। इंटरव्यू के बाद 100 से ज्यादा युवाओं का प्रारंभिक चयन हुआ और 91 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर थमा दिए गए।
यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित किया गया। कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन के मार्गदर्शन में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग और ग्रामीण आजीविका मिशन ने मिलकर इसका आयोजन किया।
पिपरई में भी मिली 21 युवाओं को नौकरी
इसी दिन पिपरई में लगे मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में भी 2 कंपनियों ने हिस्सा लिया। वहां 21 युवाओं को मौके पर ही जॉब ऑफर दिया गया।
463 हितग्राहियों को मिला 2 करोड़ 73 लाख का लाभ
कार्यक्रम में स्वरोजगार की योजनाओं का भी बड़ा लाभ देखने को मिला। उद्योग विभाग के अनुसार इस माह विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं के तहत 463 हितग्राहियों को कुल 2 करोड़ 73 लाख रुपये का हितलाभ वितरित किया गया। इनमें मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पीएमएफएमई योजना और ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाएं शामिल रहीं।
कौशल और इंटर्नशिप की भी मिली जानकारी
युवा संगम में युवाओं को सिर्फ नौकरी ही नहीं, आगे की तैयारी की जानकारी भी दी गई। राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और आरसेटी की ओर से वित्तीय साक्षरता के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अशोकनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र यादव, आईटीआई से प्रशिक्षण अधिकारी नेहा यादव, ग्रामीण आजीविका मिशन से मनोज कुमार व्यास, उद्योग विभाग से सुरेश कोरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
Continue With Google