अशोकनगर | शहर में बेतरतीब दौड़ रहे वाहनों पर शुक्रवार को कोर्ट सड़क पर उतर आई। गांधी पार्क के पास कुटुंब न्यायालय परिसर में लगी मोबाइल कोर्ट में पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही पकड़ा और वहीं जुर्माना वसूला।

सुबह से शुरू हुई कार्रवाई में सबसे ज्यादा वाहन बिना लाइसेंस के पकड़े गए। 15 चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस ही नहीं था। 10 वाहन ऐसे मिले जिन पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। 3 वाहन बिना बीमा के दौड़ रहे थे। इसके अलावा 11 अन्य वाहनों पर अलग-अलग नियम तोड़ने पर कार्रवाई हुई।

कुल 39 वाहनों पर कार्रवाई कर कोर्ट ने 30,600 रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना जमा करने के बाद ही वाहनों को छोड़ा गया।

मोबाइल कोर्ट में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष अनुरागी और न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभम् द्विवेदी ने सुनवाई की। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा के आदेश पर और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट किरण तुमरची धुर्वे के निर्देशन में हुआ।

मौके पर यातायात थाना प्रभारी अजीत सिंह नरवरिया, रामकुमार परिहार, विजय सिंह मीना और यातायात पुलिस का बल मौजूद रहा। पुलिस ने वाहनों को रोककर उनके कागजात चेक किए।

कार्रवाई के दौरान कोर्ट ने वाहन चालकों को समझाया कि दोपहिया चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाना सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जान बचाने के लिए जरूरी है। साथ ही लाइसेंस, बीमा और रजिस्ट्रेशन जैसे कागज हमेशा साथ रखने की हिदायत भी दी।

यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।