*सिमरिया हर्राखेड़ा में शांति धाम सीसी सड़क निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप*
*रेत की जगह डस्ट का उपयोग, न पॉलिथीन बिछाई और न वाइब्रेटर चलाया; सचिव ने कहा– अखबार में जो लिखना है लिख दो*
देवरी कला। सागर जिले की देवरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरिया हर्राखेड़ा में मेन रोड से शांति धाम तक बनाई गई सीसी सड़क का निर्माण सवालों के घेरे में आ गया है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों की अनदेखी किए जाने और घटिया सामग्री का उपयोग करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में रेत की जगह धूलयुक्त डस्ट का उपयोग किया गया। वहीं सीसी सड़क निर्माण के दौरान न तो पॉलिथीन बिछाई गई और न ही कंक्रीट की उचित कॉम्पैक्शन के लिए वाइब्रेटर मशीन का उपयोग किया गया।
*निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल*
मौके पर दिखाई दे रहे निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए राशि स्वीकृत की जाती है, लेकिन यदि निर्माण कार्यों में ही गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी होगी तो सरकारी धन खर्च होने के बावजूद निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े होंगे। सरपंच एवं सचिव की जिम्मेदारी है कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार कराया जाए।
*गाम पंचायत सचिव का जवाब भी चर्चा में*
मामले को लेकर जब पंचायत सचिव संतोष कुर्मी से फोन पर बात कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि "अखबार में जो लिखना है लिख दो।" सचिव का यह जवाब भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
*जांच हुई तो सामने आएगी हकीकत*
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित अधिकारियों ने निर्माण कार्य का तकनीकी निरीक्षण किया था? क्या निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्माण प्रक्रिया की जांच की गई? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि शांति धाम सीसी सड़क निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत राशि, माप पुस्तिका और भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
इनका कहना
आपके द्वारा जानकारी में आया है ग्राम पंचायत सिमरिया हर्राखेड़ा में सीसी सड़क में घटिया निर्माण कार्य किया गया है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बी डी गौंड़ जनपद पंचायत एसडीओ
आपके द्वारा जानकारी में आया है मैं जाकर निर्माण कार्य चेक करता हूं
कमलेश डेहरिया उपयंत्री
Continue With Google