अशोकनगर | छोटे जिले के बड़े सपने - अशोकनगर के चार युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर यह कहावत सच कर दिखाई। चेन्नई में हुई 25वीं जूनियर नेशनल वूशु चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश दोनों का नाम रोशन किया।

28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जेपीयर यूनिवर्सिटी, चेन्नई में हुई इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 10 कांस्य पदक जीते। इनमें से 4 पदक अकेले अशोकनगर के खिलाड़ियों के खाते में आए।

ग्रुप ताऊलू इवेंट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए परी भट्ट, अंशिका त्रिवेदी, अनुराग बरहा और मिस्टी नामदेव ने शानदार प्रदर्शन किया। चारों ने एक साथ कांस्य पदक जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

उपलब्धि पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह हुआ। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और जिला खेल प्रशिक्षक अरुण रघुवंशी ने चारों विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।

इस मौके पर खिलाड़ियों के प्रशिक्षक मुस्ताक खान, रोहित रघुवंशी और निखिल रघुवंशी के प्रयासों की भी सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करना गौरव की बात है। यह उपलब्धि दूसरे युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।

उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते हुए भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें।