डेढ़ से दो साल के बीमार नर तेंदुआ को पार्क  टीम ने किया रेस्क्यू

_चलने-फिरने में भी हो रही थी परेशानी, चिकित्सकीय परीक्षण के बाद विशेष निगरानी में रखा गया,जांच के लिए नमूने जबलपुर भेजे गए_

_बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नियमित गश्ती के दौरान एक नर तेंदुआ बीमार अवस्था में मिला। तेंदुए को चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही थी। वन विभाग की टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और उपचार के बाद विशेष निगरानी में रखा है। मामला टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र के गोबराताल बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक PF-375 का है। गश्ती के दौरान वनकर्मियों की नजर बीमार तेंदुए पर पड़ी, जिसके बाद प्रबंधन को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम और वन्यप्राणी रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। काफी सतर्कता के साथ लगभग डेढ़ से दो वर्ष आयु के नर तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। क्षेत्र संचालक एवं उप संचालक की मौजूदगी में वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर ने रेस्क्यू अभियान संपन्न कराया। इसके बाद तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक उपचार दिया गया। बीमारी की वास्तविक वजह जानने के लिए विस्तृत प्रयोगशाला जांच हेतु जैविक नमूने भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें विशेष वाहक के माध्यम से नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर भेजा गया है। फिलहाल तेंदुए के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग के मुताबिक प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की चिकित्सकीय और प्रबंधन संबंधी कार्रवाई तय की जाएगी। रेस्क्यू अभियान में सहायक संचालक मानपुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर सहित वन विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।_