आलोट। दीपावली के त्योहारी सीजन में बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तेज आवाज में माइक बजाकर प्रचार करना कुछ ठेला-गाड़ी संचालकों और फेरीवालों को भारी पड़ गया। बाजार में लगातार गूंजती तेज आवाज से परेशान व्यापारियों और आमजन को राहत दिलाने के लिए आलोट यातायात पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए माइक जब्त किए।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी सत्येंद्र राजपूत के निर्देश पर प्रधान आरक्षक ओंकारलाल आंजना ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
दरअसल, दीपावली के दौरान आलोट के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में ठेला-गाड़ी और फेरी लगाकर व्यापार करने वाले कुछ लोग तेज आवाज में माइक बजाकर ग्राहकों को बुलाते हैं। लगातार तेज आवाज के कारण आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और खरीदारी करने आने वाले परिवारों को परेशानी होती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने मौके पर कार्रवाई कर प्रचार में इस्तेमाल किए जा रहे माइक जब्त किए।
व्यापारियों के हित में भी जरूरी कदम
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को केवल माइक जब्ती तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि यह बाजार में अनुशासन, शांति और आमजन की सुविधा बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। तेज आवाज से परेशान दुकानदारों को भी इससे राहत मिली है। वहीं आमजन के लिए भी बाजार का वातावरण अधिक सुविधाजनक बनाने में ऐसी कार्रवाई की अहम भूमिका है।
जनहित में ऐसी कार्रवाई की जरूरत
त्योहारी सीजन में बाजार की व्यवस्था संभालना यातायात पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में यातायात व्यवस्था के साथ ध्वनि प्रदूषण और अनावश्यक शोर पर नियंत्रण की पहल भी सराहनीय है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि व्यापार के नाम पर आमजन की सुविधा और शांति से समझौता नहीं किया जा सकता।
Continue With Google