### कोलुआ के पास ब्राउन शुगर की खेप के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार, 4.44 लाख का माल जब्त

स्कूटी से कर रहे थे नशे की सप्लाई, 29.94 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद; राजस्थान और विदिशा के रहने वाले हैं आरोपी, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

शमशाबाद। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शमशाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लटेरी-शमशाबाद रोड पर ग्राम कोलुआ के पास कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से 29.94 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने नशे की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की स्कूटी, नकदी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4 लाख 44 हजार 250 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे के मार्गदर्शन में थाना शमशाबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

दो पैकेट में मिली ब्राउन शुगर, स्कूटी और मोबाइल भी जब्त

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर के दो पैकेट मिले। इनमें एक पैकेट में 23.40 ग्राम और दूसरे में 6.54 ग्राम मादक पदार्थ था। इस तरह कुल 29.94 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से सफेद रंग की बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी (कीमत करीब 80 हजार रुपए), 24 हजार 250 रुपए नकद और करीब 40 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

राजस्थान और विदिशा के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश पिता सावरलाल तवर उम्र 20 वर्ष, निवासी कोटड़ी, थाना घटोली, जिला झालावाड़ (राजस्थान) और सौरभ पिता लाखन सिंह राजपूत उम्र 24 वर्ष, निवासी गल्ला मंडी रोड, विदिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

अब खेप के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की तलाश

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क तक पहुंच गया है। पुलिस पता लगा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह सहित उप निरीक्षक रमन सिंह और पुलिस टीम के सदस्यों का योगदान रहा। विदिशा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।