### शमशाबाद में विस्फोटक पदार्थों का अवैध भंडारण! 16 किलो गंधक-पोटाश के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

शालाखेड़ी रोड पर पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, 16 हजार रुपए का विस्फोटक पदार्थ जब्त; विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज

शमशाबाद। कस्बे में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 16 किलो गंधक-पोटाश के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 हजार रुपए कीमत का विस्फोटक पदार्थ जब्त कर दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को थाना शमशाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्बे के शालाखेड़ी रोड पर दो व्यक्ति प्लास्टिक के थैले में विस्फोटक पदार्थ गंधक-पोटाश लेकर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। यहां दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में गंधक-पोटाश रखे मिले। पूछताछ में उनकी पहचान अजीम पिता शफीक खां (35), निवासी बरखेड़ा जागीर और हेमराज पिता प्रेमसिंह अहिरवार (24), निवासी बरखेड़ा जागीर के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 16 किलोग्राम गंधक-पोटाश जब्त किया। मामले में थाना शमशाबाद में अपराध क्रमांक 448/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

बिना अनुमति विस्फोटक रखना बन सकता है जानलेवा

गंधक-पोटाश जैसे विस्फोटक पदार्थों का बिना वैधानिक अनुमति और सुरक्षा मानकों के भंडारण व उपयोग करना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। असावधानी से विस्फोट होने पर आसपास मौजूद लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। आग लगने, मकानों-दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में रिहायशी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इन पदार्थों का अवैध भंडारण आमजन की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा तथा आरक्षक वीरेंद्र दांगी, घनश्याम सहरिया, दीपक पाल, दिलीप ठाकुर, सोमेश शुक्ला और सुमेर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित कासवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी तथा एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे के नेतृत्व में की गई।