किन्नर बनकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

 

 देवास पुलिस ने किन्नर का वेश धारण कर घरों में लूटपाट करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त दो कारें, चाकू और अन्य सामान बरामद किया गया है।

एएसपी सोनिया जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि 19 जून को ग्राम बरखाई खेड़ा निवासी कुलदीप जाट के घर तीन आरोपी किन्नर बनकर पहुंचे। बातचीत के बहाने विश्वास जीतने के बाद चाकू की नोक पर करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुनील को रतलाम से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। गिरोह के पांच अन्य सदस्य पहले से ही एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में थे, जिन्हें प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनू उर्फ सुनील (रतलाम), भैरूनाथ, जीवन, लखन, अर्जुन और कैलाशनाथ (धार जिले के निवासी) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से दो सोने की मालाएं, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, चाकू और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले किन्नर बनकर घरों में प्रवेश करते थे और फिर बातचीत के बहाने विश्वास जीतकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। 2 जुलाई को डकैती की योजना बनाते समय पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को पकड़ लिया, जिसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ।