NH-44 पर दौड़ रही मौत: टूटी खिड़कियों पर बोरी टांगकर दौड़ रही सागर-नरसिंहपुर बस, यात्रियों की जान से खिलवाड़
ओवरलोडिंग, मनमाना किराया और जर्जर बसों के संचालन पर उठे सवाल, RTO की कार्यप्रणाली पर भी लगे प्रश्नचिह्न
संवाददाता सतीष सेन देवरी सागर मध्य प्रदेश
देवरी कला। नेशनल हाईवे-44 पर संचालित यात्री बसों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। सागर से नरसिंहपुर के बीच चलने वाली बस क्रमांक MP 15 PA 0268 (जिसके पीछे "Raj" लिखा है) यात्रियों की सुरक्षा को दरकिनार कर खुलेआम दौड़ती नजर आई। बस की कई खिड़कियों के शीशे टूटे हुए हैं और उन्हें अस्थायी रूप से सफेद बोरी लटकाकर ढक दिया गया है। ऐसे में बरसात और तेज हवा के बीच यात्री मजबूरी में जोखिम भरा सफर करने को विवश हैं।
सूत्रों के अनुसार यह बस लंबे समय से इसी हालत में संचालित हो रही है। यात्रियों का कहना है कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई और खड़ी कराई जाती हैं। इतना ही नहीं, कई बार यात्रियों से मनमाना किराया भी वसूला जाता है।
यात्रियों का आरोप है कि जब वे बस की खराब स्थिति या अधिक किराया वसूलने का विरोध करते हैं, तो बस स्टाफ द्वारा उन्हें यह कहकर चुप करा दिया जाता है कि "बैठना हो तो बैठो, नहीं तो बस से उतर जाओ।" इससे यात्रियों में आक्रोश है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सागर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की निगरानी के बावजूद ऐसी जर्जर बसें आखिर सड़कों पर कैसे दौड़ रही हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते इन बसों की जांच नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि नेशनल हाईवे-44 पर चल रही सभी यात्री बसों की विशेष जांच कराई जाए, फिटनेस मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके
Continue With Google
Comments (0)