उदयगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: लूटकांड का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की दो बाइक और हथियार बरामद
एक नाबालिग सहित तीन आरोपी पुलिस अभिरक्षा में, लूटी गई नकदी बरामद, अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद
रिपोर्टर : मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर, 09 जुलाई 2026। जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, घटना में प्रयुक्त चोरी की दो मोटरसाइकिलें तथा दो धारदार फालिया बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल एवं एसडीओपी जोबट आशुतोष पटेल के मार्गदर्शन में जिले में लूट, चोरी एवं अन्य गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे फरियादी मुनव्वर बोरी से जोबट की ओर जा रहा था। उदयगढ़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की और उसका एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा ₹40 हजार नकद लूटकर फरार हो गए।
फरियादी की शिकायत पर थाना उदयगढ़ में अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच आगे बढ़ाई।
8 जुलाई को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने मांगीलाल पिता चंदरसिंह वसुनिया (24) निवासी सोलिया, सुरमा पिता हारु अजनार (22) निवासी सोलिया तथा एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15 हजार नकद, थाना कोतवाली अलीराजपुर क्षेत्र से चोरी की गई यामाहा R-15, थाना लसूडिया (इंदौर) क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त दो धारदार फालिया बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस उनसे अन्य वारदातों और संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बृज भूषण हिरवे, उप निरीक्षक पवन वास्केल, सहायक उप निरीक्षक अजय भिड़े, प्रधान आरक्षक लेखराम, जुवान, आजाद चौहान, आरक्षक आनंद, दीपेश, रितेंद्र, सैनिक माधव तथा सायबर सेल अलीराजपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)