अलीराजपुर: मीरा अकादमी में वार्षिक समारोह 'धरा' थीम पर उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण से हुई, जिसमें स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती अपूर्वा मंत्री ने विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सराहा भी गया। इसके साथ ही, शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एसडीओपी अलीराजपुर अश्विनी कुमार, भारतीय जनता पार्टी अलीराजपुर के जिला अध्यक्ष संतोष परवाल (मक्कू सेठ), यतेंद्र सिंह भाटी और जिला महामंत्री रिंकेश तंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

स्कूल के डायरेक्टर नरेश कुमार वाघेला और रितेश तंवर ने अतिथियों का पुष्प माला से स्वागत किया। डायरेक्टर रवि तंवर और प्रेक्षा तंवर ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

समारोह का संचालन टीचर कसक तंवर, टीचर सारा और टीचर जाहरा ने किया, जिन्होंने अपनी दक्षता से कार्यक्रम को सफल बनाया।