टीकमगढ़
ग्राम पंचायत मोहनगढ़ में संकल्प से समाधान अभियान के तहत मंगलवार को एक बड़ी प्रशासनिक पहल देखने को मिली, जहां कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में एक साथ कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालय लगाकर जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर ने स्वयं आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 123 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक 83 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पंचायत विभाग के 15, पुलिस विभाग के 4, विद्युत विभाग के 5, पीएचई विभाग के 4, पीडीएस के 5, मत्स्य विभाग के 2, शिक्षा विभाग के 2, वन विभाग के 1, महिला एवं बाल विकास विभाग के 1 तथा नगर परिषद जतारा से संबंधित 1 आवेदन शामिल रहे।
राजस्व अभिलेख दुरुस्ती के 52 प्रकरणों में पारित हुए अंतिम आदेश
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार मोहनगढ़ में राजस्व मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार की संयुक्त अदालत लगाई गई। राजस्व विभाग से प्राप्त 83 आवेदनों में से अभिलेख दुरुस्ती के 52 प्रकरणों में मौके पर ही अंतिम आदेश पारित किए गए, जिनमें सभी मामलों में निर्णय आवेदकों के पक्ष में रहा।
इन प्रकरणों की विशेष बात यह रही कि इनमें वर्ष 2020 से 2026 तक के लंबे समय से लंबित मामले शामिल थे, जिनका निराकरण एक ही दिन में किया गया। मोहनगढ़ में पहली बार इस तरह एक साथ तीनों राजस्व न्यायालयों में सुनवाई कर आमजन को बड़ी राहत दी गई।
जनसुनवाई में मौके पर ही कई आवेदनों का समाधान
जनसुनवाई के दौरान आवेदक राकेश केवट द्वारा बीपीएल कार्ड बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
इसी प्रकार चंदन पिता नत्थू द्वारा जाति सुधार के लिए प्रस्तुत आवेदन पर अभिलेख दुरुस्ती कर तत्काल निराकरण किया गया।
इसके अलावा ग्राम हथेरी निवासी भगवानदास, आवेदक गोविंददास तथा ग्राम मझगुंवा निवासी सुमन पति रमेश यादव के अभिलेख सुधार के प्रकरणों का भी मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर ने शेष लंबित आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
संकल्प से समाधान अभियान के तहत स्टॉल लगाकर लिए गए आवेदन
संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत ग्राम मोहनगढ़ में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारी एवं ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवेदन लिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर निशांत भूरिया, जनपद पंचायत जतारा के सीईओ सिद्धगोपाल वर्मा, तहसीलदार मोहनगढ़ रमेश चंद परमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मोहनगढ़ में कलेक्टर-एसडीएम-तहसीलदार की संयुक्त अदालत, वर्षों से लंबित राजस्व मामलों का एक दिन में समाधान
मोहनगढ़ में कलेक्टर-एसडीएम-तहसीलदार की संयुक्त अदालत, वर्षों से लंबित राजस्व मामलों का एक दिन में समाधान

Continue With Google
Comments (0)