आमला। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आमला नगर में भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। पूरे नगर में श्रद्धा, सम्मान और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बस स्टैंड स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात नेहरू पार्क के सामने स्थित बिरसा मुंडा स्मारक एवं अंबेडकर पार्क में स्थापित प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान “जय भीम”, “जय भारत” और “बिरसा मुंडा अमर रहें” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली। सभी ने बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और समाज में समानता, शिक्षा एवं न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आमला नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जन्मदिन 14 अप्रैल को पूरे विश्व में एक पर्व के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।
वहीं मेहरा समाज समिति के ब्लॉक अध्यक्ष अजय बचले ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब को विश्व स्तर पर मानवाधिकारों के अग्रदूत और भारतीय संविधान के निर्माता के रूप में विशेष सम्मान प्राप्त है। उनके अद्वितीय योगदान के कारण 14 अप्रैल का दिन केवल एक तिथि नहीं, बल्कि प्रेरणा और संघर्ष का प्रतीक बन चुका है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, ब्लॉक अध्यक्ष अजय बचले, ब्लॉक उपाध्यक्ष अशोक हाथिया, सचिव संदीप बचले, संरक्षक विमल बेले, सहसचिव बंटू बेले, हंसराज नागले, दीपक मोरले, महिला ब्लॉक अध्यक्ष सुनीला घोंरसे, सचिव चंदा बेले, उपाध्यक्ष पुष्पा हाथिया, सोनू नागले, बेला गोहे सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, बंधुत्व एवं न्याय की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

Continue With Google
Comments (0)