लबैतूल। जिले के थाना आठनेर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धामोरी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में 7 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है, जिन्होंने मिलकर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब ग्राम धामोरी निवासी कमलेश सोभनाते ने सूचना दी कि उसके भाई उमेश शोभनाते उर्फ गोलू (उम्र 40 वर्ष) की अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट एवं धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना आठनेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वीरेन्द्र जैन (पुलिस अधीक्षक, बैतूल) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पेट और गले पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि हत्या अत्यंत क्रूर तरीके से की गई। इसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर संदेहियों की पहचान की। लगातार दबिश और सघन जांच के बाद पुलिस ने 22 अप्रैल को सभी 7 नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि घटना के पीछे एक पारिवारिक विवाद कारण बना। मृतक और आरोपियों के बीच उसकी मां को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में इतना बढ़ गया कि नाबालिगों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं एक मोटरसाइकिल (हीरो होंडा) भी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, सउनि दिनेश धुर्वे सहित पुलिस टीम के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सही मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और समस्याओं का समाधान वैधानिक तरीके से करें।
— “समाज में शांति बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।”

Continue With Google
Comments (0)