दमोह कलेक्टर ने किया कन्या छात्रावास का निरीक्षण,सब्जी में लगी मिर्ची, मिली कई अनियमितताएं,सुधार के दिये निर्देश..

दमोह: शुक्रवार को दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सुभाष कॉलोनी स्थित पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई अनियमितताओं का सामना करना पड़ा, जिनके सुधार के निर्देश उन्होंने तत्काल दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि छात्राओं को मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था। भोजन में अत्यधिक मिर्ची पाई गई, जिसे चखने के बाद कलेक्टर स्वयं असहज हो गए। उन्होंने रसोइया को निर्देश दिया कि भोजन में मिर्च की मात्रा कम की जाए ताकि बच्चों के खाने का स्वाद खराब न हो।

कलेक्टर यादव के साथ दमोह एसडीएम सौरव गंधर्व और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर ने छात्राओं से शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि सब्जी के स्थान पर केवल दाल ही बनाई गई थी।

इसके अलावा, छात्रावास में पानी की समस्या, छत की सीलिंग टूटी हुई और आरो बंद मिलने पर कलेक्टर ने जल निगम को तत्काल नल कनेक्शन करने के निर्देश दिए। परिसर में गंदगी को देखते हुए सफाई के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह पुनः छात्रावास का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे।