रिपोर्ट : राकेश कुमार सेन
देवास रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों का हंगामा, चयन सूची में गड़बड़ी से कई दंपती यात्रा से वंचित
देवास। तीर्थयात्रा के लिए चयनित यात्रियों की सूची में कथित गड़बड़ी के कारण मंगलवार को देवास रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों ने जमकर नाराजगी जताई। बड़ी संख्या में पहुंचे यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने दंपती के रूप में आवेदन किया था, लेकिन चयन सूची में पति या पत्नी में से केवल एक का ही नाम शामिल किया गया, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिकट वितरण के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कई यात्रियों ने प्रशासन से जवाब मांगा। प्रभावित यात्रियों का कहना था कि दंपती के रूप में आवेदन करने के बावजूद केवल एक सदस्य को टिकट दिया गया, जबकि दूसरे का नाम सूची में नहीं था।
प्रभावित यात्री निर्मला पांचाल ने बताया कि उनका चयन हो गया, लेकिन उनके पति का नाम सूची में नहीं होने के कारण वे यात्रा पर नहीं जा सकेंगी। इसी प्रकार संतोष सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी का नाम चयनित सूची में है, जबकि उनका नाम नहीं है, जिससे दोनों की यात्रा रुक गई।
स्टेशन पर मौजूद कई बुजुर्ग दंपती भी इस व्यवस्था से परेशान नजर आए। यात्रियों ने मांग की कि चयन प्रक्रिया की दोबारा जांच कर पात्र दंपतियों को साथ यात्रा करने की अनुमति दी जाए।
इस मामले में तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि प्रशासन को जो चयन सूची प्राप्त हुई थी, उसी के आधार पर टिकट वितरित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूची में जिन लोगों के नाम चयनित थे, केवल उन्हीं को यात्रा के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने मामले की जानकारी संबंधित विभाग को भेजने की बात कही है।
घटना के बाद कुछ समय तक स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में अधिकारियों ने यात्रियों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। यात्री अब चयन प्रक्रिया में हुई कथित त्रुटियों की जांच और समाधान की मांग कर रहे ।
Continue With Google
Comments (0)